ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
माजरा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 2 किलो 350 ग्राम भुक्की बरामद की है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार एसआईयू नाहन की पुलिस टीम बेहड़ेवाला के समीप चौधरी ढाबा के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुखवीर निवासी पांवटा साहिब अपने ट्रक में बाहरी राज्यों से भुक्की लाकर पांवटा साहिब व आसपास के क्षेत्रों में बेचने का काम करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की और उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को उसके कब्जे से 2 किलो 350 ग्राम भुक्की बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सुखवीर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नशे की खेप के स्रोत तथा इसके संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
