ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में शनिवार रात एक तेज रफ्तार ट्राले (अशोक लीलैंड ट्रक HR 58B 0167) ने जमकर कहर बरपाया। अनियंत्रित ट्राले ने राहगीरों और कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी चालक को देर रात ही गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता सतीश कुमार (निवासी गांव मेन थाप्पल, मोगीनंद) और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना 19 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे की है। त्रिलोकपुर की ओर से आ रहा ट्राला अत्यधिक तेज गति, गफलत और गलत दिशा में दौड़ रहा था। कालाअम्ब-त्रिलोकपुर मार्ग पर रुचिरा पेपर मिल के समीप ट्राले ने पहले तीन लोगों को अपनी चपेट में लिया और सड़क किनारे खड़े चार वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसके बाद सब्जी मंडी व J. Alloy Company के गेट के सामने ट्राले ने कालाअम्ब से त्रिलोकपुर की तरफ अपनी सही दिशा में जा रही मोटरसाइकिल (HP 18C 9363) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्राला दोनों बाइक सवारों को रौंदते हुए निकल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश में ट्राले ने हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार पर लगे पुलिस बैरियर और बैरिकेड्स को भी तोड़ दिया। हरियाणा सीमा में प्रवेश करते ही असगरपुर के पास ट्राले ने एक ढाबे और कई अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि ढाबे में मौजूद लोग इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
हादसे में घायल ज्ञान सिंह (44 वर्ष) पुत्र बलदेव सिंह, निवासी गांव सोलधा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। ज्ञान सिंह कालाअम्ब के एक उद्योग में कार्यरत थे। वहीं, दूसरे गंभीर रूप से घायल सुरदीप कुमार (38 वर्ष) पुत्र राम ईश्वर, निवासी गांव सांडा डम्बर, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) ने पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
रविवार को पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने अनियंत्रित ट्राले की चपेट में आने से दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। कालाअम्ब पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ तेज रफ्तारी और लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
