ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद स्थित ‘वुड स्टॉक लैमिनेट्स लिमिटेड’ में शनिवार दोपहर एक दुखद हादसा घटित हुआ। फैक्ट्री परिसर में काम के दौरान जहरीले डंक का शिकार हुए 33 वर्षीय प्रवासी मजदूर बबलू की उपचार के दौरान मौत हो गई। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले बबलू पिछले करीब 10 वर्षों से इसी संस्थान में कार्यरत थे।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर लगभग 1:45 बजे फैक्ट्री परिसर में जहरीले सांप ने बबलू को डस लिया। देखते ही देखते उसकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए नजदीकी हरियाणा के नारायणगढ़ ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबाला रैफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि यदि मरीज को तुरंत अंबाला या नारायणगढ़ ले जाने के बजाय पास ही स्थित डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन लाया जाता, तो शायद समय पर सही इलाज मिलने से उसकी जान बचाई जा सकती थी।
मृतक की पत्नी ने बताया कि बबलू पिछले एक दशक से मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का पेट पाल रहे थे। उनके अचानक यूं चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उधर, कंपनी प्रबंधन ने इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक व सामाजिक सहायता प्रदान की जाएगी।
