पांवटा से भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, विधायक सुखराम चौधरी और मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार के नेतृत्व में जिला सम्मेलन की तैयारियां तेज
पांवटा साहिब: भारतीय जनता पार्टी ने पांवटा साहिब से संगठनात्मक मजबूती का बड़ा संदेश देते हुए आगामी 4 और 5 जुलाई को होने वाले जिला स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। रविवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आयोजित दोनों मंडलों की संयुक्त बैठक में विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी और मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार की मौजूदगी में सम्मेलन की व्यापक रणनीति तैयार की गई।

बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। इसके बाद सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी मोर्चों एवं पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का विस्तृत बंटवारा किया गया।
विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि जिला सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने कहा कि सम्मेलन की प्रत्येक व्यवस्था के लिए अलग-अलग मोर्चों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है और सभी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पांवटा साहिब का जिला सम्मेलन पूरे सिरमौर जिले के लिए संगठनात्मक मजबूती का नया उदाहरण बनेगा।
बैठक में युवा मोर्चा को पंजीकरण एवं आवास, किसान मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा को साज-सज्जा, महिला मोर्चा को स्वागत, मंडल एवं एससी मोर्चा को भोजन व्यवस्था, ओबीसी मोर्चा को भोजन वितरण तथा एसटी मोर्चा को पेयजल व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा प्रदेश से आने वाले वरिष्ठ नेताओं के स्वागत की जिम्मेदारी भी मंडल पदाधिकारियों को दी गई।
