ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
जिला मुख्यालय नाहन में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को ताउम्र का गम दे दिया है। लखदाता पीर के समीप पार्क के पास हुए हिट एंड रन मामले में गंभीर रूप से घायल 8 वर्षीय आयान सूर्या ने शुक्रवार सुबह पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से आरोपी चालक वाहन समेत फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस ने जाल बिछा दिया है।
जानकारी के मुताबिक राकेश सूर्या का 8 वर्षीय बेटा आयान गुरुवार रात इस सड़क हादसे का शिकार हुआ था। खून से लथपथ मासूम को आनन-फानन में डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मासूम आयान जिंदगी की जंग हार गया।
आयान कार्मेल कॉन्वैंट स्कूल का होनहार छात्र था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। यह परिवार मूल रूप से हरिपुरधार क्षेत्र के चुनवी गांव का रहने वाला है। हादसे के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। बेटे को खोने के बाद मां नीरज वाला का रो-रोकर बुरा हाल है। वे इतनी घबराई हुई हैं कि पुलिस को विस्तृत बयान भी नहीं दे पा रही हैं। हालांकि, उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके बेटे को एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने टक्कर मारी थी।
नाहन पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो संदिग्ध रूप से नजर आई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी वाहन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे में शामिल वाहन की तस्वीर साफ हो पाएगी।
सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस इस दर्दनाक घटना की हर पहलू से गहन तफ्तीश कर रही है। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
