26.6 C
New York
Friday, June 12, 2026

Buy now

Himachal: नर्सिंग होस्टल में 19 नहीं, केवल 2 प्रशिक्षु TB पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग ने किया अफवाहों का खंडन

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) हिमाचल प्रदेश ने महात्मा गांधी मैमोरियल स्वास्थ्य सेवाएं संस्थान खनेरी (रामपुर) के नर्सिंग होस्टल में टीबी के मामलों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को भ्रामक बताया है। विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि होस्टल में 19 प्रशिक्षु नर्सों के टीबी संक्रमित होने का दावा पूरी तरह गलत है। वास्तविकता में केवल 2 प्रशिक्षु नर्सें ही टीबी पॉजिटिव पाई गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी स्पष्टीकरण के अनुसार होस्टल में पहली प्रशिक्षु 9 जुलाई 2025 को टीबी संक्रमित पाई गई थी। रिपोर्ट आते ही उसी दिन उसका उपचार शुरू कर दिया गया था। साथ ही, एहतियात के तौर पर उसके संपर्क में आई 13 अन्य प्रशिक्षुओं (क्लोज कॉन्टैक्ट्स) को भी टीबी प्रिवैंटिव ट्रीटमैंट (टीपीटी) दिया गया। इसके बाद 9 दिसम्बर 2025 को होस्टल की एक अन्य प्रशिक्षु की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत इसका भी इलाज शुरू कर दिया और इसके 3 क्लोज कॉन्टैक्ट्स को टीपीटी प्रदान की।

विभाग ने बताया कि 16 प्रशिक्षु नर्सें दोनों संक्रमित प्रशिक्षु नर्सों के क्लोज कॉन्टैक्ट्स हैं, जबकि एक अन्य प्रशिक्षु किसी बाहरी मरीज के संपर्क में आने के कारण दवा ले रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि यह उपचार भारत सरकार की गाइडलाइंस के तहत केवल एहतियात के तौर पर दिया जा रहा है, ताकि भविष्य में संक्रमण न फैले। विभाग ने विशेष रूप से यह भी साफ किया है कि अब तक बिगड़ी टीबी का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि छात्राओं के स्वास्थ्य सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए 6 मार्च को नर्सिंग होस्टल में टीबी एक्टिव केस फाइंडिंग के लिए एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया था। इस दौरान हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से 80 छात्राओं की गहन जांच की गई और टीबी के लक्षणों की स्क्रीनिंग की गई।

स्वास्थ्य विभाग ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं पर चिंता जताते हुए आम जनता और अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। विभाग पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles