12 C
New York
Wednesday, April 29, 2026

Buy now

शिलाई में आग का तांडव, गऊशाला जलकर राख…6 मवेशी जिंदा जले

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के तहत आने वाले शिलाई विधानसभा क्षेत्र में आग का एक खौफनाक तांडव देखने को मिला है। ग्राम पंचायत क्यारी गुंडाह के गांव खाटाधार में भयंकर आग लगने से एक गऊशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना में गऊशाला के अंदर बंधे 6 मवेशियों की जिंदा जलने से मौत हो गई है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

सूखी घास से भड़की थी चिंगारी, ले लिया विकराल रूप

घटना की जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले आसपास पड़ी सूखी घास में लगी थी। घास सूखी होने के कारण चिंगारी ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया। हवा के साथ आग की तेज लपटें तेजी से आगे बढ़ीं और गांव के ही निवासी बलवीर सिंह पुत्र मदन सिंह की गऊशाला तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने पूरी गऊशाला को अपनी चपेट में ले लिया। आग का मंजर इतना खौफनाक था कि पीड़ित परिवार को कुछ भी समझने या संभलने का मौका ही नहीं मिला। पीड़ित बलवीर सिंह ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि गऊशाला के अंदर बंधे मवेशियों की रस्सियां खोलने और उन्हें बाहर निकालने का समय ही नहीं मिल पाया। इस भीषण अग्निकांड में गऊशाला पूरी तरह से राख हो गई, जबकि अंदर बंधे 2 बैल, 2 गाय और 2 बकरे जिंदा जल गए।

ग्रामीणों ने पाया आग पर काबू, प्रशासन से लगाई मुआवजे की गुहार

आग लगने और मवेशियों की चीख-पुकार सुनकर पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत अपने-अपने घरों से पानी और मिट्टी लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। गांव वालों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया, जिससे आग को गांव के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया। इस अग्निकांड के कारण परिवार को लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। घटना के बाद गांव के लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि मौके का मुआयना कर पीड़ित बलवीर सिंह के परिवार को तुरंत फौरी राहत प्रदान की जाए और मवेशियों व गऊशाला के नुक्सान का उचित मुआवजा दिया जाए।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles