कांग्रेस के युवा नेता अवनीत सिंह लाम्बा ने किया ‘संघर्ष से शिखर तक’ स्मारिका का विमोचन..

कांग्रेस के युवा नेता अवनीत सिंह लाम्बा ने किया ‘संघर्ष से शिखर तक’ स्मारिका का विमोचन..

ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)

‘सरस’ सामाजिक संस्था के संस्थापक स्वर्गीय प्रोफेसर संतोष कुमार की 94वीं जयंती के अवसर पर पांवटा साहिब स्थित वीआईपी रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनकी पुण्य स्मृति में तैयार की गई स्मारिका ‘संघर्ष से शिखर तक’ का विधिवत विमोचन किया गया।

कांग्रेस पार्टी के युवा नेता अवनीत सिंह लाम्बा ने बतौर मुख्य अतिथि स्मारिका का विमोचन किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार मनमोहन सिंह और पंवार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के निदेशक डॉ. बीएस पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पांवटा साहिब सहित अन्य जिलों से आए अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रो. संतोष कुमार के शिष्यों और उनके साथ विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में जुड़े लोगों ने कॉलेज के दिनों की यादें साझा कीं। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, शिक्षण शैली, सामाजिक सरोकारों और समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनके विचार और कार्य आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं।

स्मारिका के विमोचन के बाद अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अवनीत सिंह लाम्बा ने कहा कि समाज को वरिष्ठ लोगों के अनुभवों और उनके संघर्षों से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इसलिए उनके विचारों और आदर्शों को समझकर उनका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्व. प्रोफेसर संतोष कुमार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए संघर्षों और प्रयासों से वह भली-भांति परिचित हैं।

उन्होंने कहा कि एक शिक्षक और समाजसेवी के रूप में प्रो. संतोष कुमार ने समाज पर अमिट छाप छोड़ी है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाना चाहिए। लाम्बा ने स्मारिका के संपादक राजेश कुमार को इस महत्वपूर्ण प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही, सरस संस्था के रेडियो प्रोजेक्ट और संस्था की अन्य गतिविधियों के संचालन में हरसंभव सहयोग देने की बात भी कही।

*प्रो. संतोष कुमार के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ा रहे राजेश कुमार*

गौरतलब है कि स्मारिका के संपादक राजेश कुमार का स्व. प्रोफेसर संतोष कुमार के साथ लंबे समय तक निकट जुड़ाव रहा। उन्होंने प्रो. संतोष कुमार द्वारा स्थापित संस्थानों और शुरू की गई सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। राजेश कुमार ने उनके जीवन के अंतिम समय तक साथ निभाया और आज भी उनके विचारों, सामाजिक सरोकारों तथा अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं।

‘संघर्ष से शिखर तक’ स्मारिका के माध्यम से प्रो. संतोष कुमार के जीवन, संघर्ष, सामाजिक योगदान और उनसे जुड़ी स्मृतियों को संकलित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यह आयोजन उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ उनके विचारों और समाजसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर भी बना।

इस अवसर पर संस्था द्वारा नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा करते हुए अध्यक्ष पद का कार्यभार यशपाल कपूर को सौंपा गया। इससे पहले संस्था के अध्यक्ष कुलदीप सिंह गतवाल रहे जिनके मार्गदर्शन में संस्था ने जागरूकता कार्यक्रम जारी रखे तथा कई अन्य सामाजिक कार्यों में सक्रीय भूमिका निभाई।

Related posts

Leave a Comment