ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर में एचआरटीसी की बस हादसे का शिकार हुई है. सनेई से रामपुर जा रही हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सुबह करीब 7:45 बजे खाई में गिर गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस में 15 से 20 लोग सवार थे और घायलों को रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया है. वहीं ताजा जानकारी के अनुसार, एक युवक की मौत हो गई है.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए, घायलों को स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों की मदद से महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी), खनेरी पहुंचाया. घटनास्थल पर एंबुलेंस भी पहुंच गईं. अस्पताल में चिकित्सकों की टीम को अलर्ट रखा गया और घायलों का उपचार शुरू किया गया. दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों का खनेरी अस्पताल में उपचार जारी है.
शिमला जिला आपदा प्रबंधन ने बस में 20 लोगों के सवार होने की पुष्टि की है. उधर, मृतक की पहचान वंश नेगी पुत्र सुरंजन गांव कराली, रामपुर के रूप में हुई है. वंश ने हादसे के बाद ही मौके पर दम तोड़ दिया था.
स्थानीय निवासी दिनेश शर्मा ने बताया कि सनेई से रामपुर की ओर जा रही बस सुंडा के पास दुर्घटना का शिकार हो गई और इसमें काफी सवारियां थीं. गौर रहे कि शिमला से करीब 100 किमी दूर रामपुर है.
