15.3 C
New York
Sunday, April 12, 2026

Buy now

हिमाचल में बर्फबारी का दौर जारी, सात जिलों में यैलो अलर्ट

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल में एक बार फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। ताजा हिमपात के साथ ही प्रदेश में ठंड ने दोबारा तेवर दिखा दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 28 जनवरी तक प्रदेश के सात जिलों में कोल्ड वेव (शीत लहर) को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया है, जबकि अगले कुछ दिनों में तापमान में भारी गिरावट की चेतावनी दी गई है।

मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति सहित चम्बा, किन्नौर और शिमला जिले के कई क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई। शिमला जिला के कुफरी, नारकंडा और खड़ापत्थर में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम ओलावृष्टि भी देखने को मिली। शिमला शहर में दिनभर रुक-रुक कर ओलावृष्टि होती रही।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28, 30 और 31 जनवरी को राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश, बर्फबारी और घने कोहरे का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 2 फरवरी को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। मौसम गतिविधियों के चलते सिरमौर, सोलन, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में कोल्ड वेव का यैलो अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में होगी गिरावट, बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों के दौरान प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सैल्सियस की गिरावट आने की संभावना जताई है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में भी 3 से 6 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री सैल्सियस की बढ़ौतरी होने का अनुमान है।

आम जनता के लिए एडवाइजरी

मौसम विज्ञान केंद्र ने बर्फबारी और कोल्ड वेव को देखते हुए आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने बर्फबारी वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने, यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने और जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।

कहां कितनी बर्फबारी

बीते 24 घंटों में गोंदला में 22.0, कुकुमसेरी 21.3, कोठी 20.0, कोकसर 19.0, हंसा 15.0, केलांग 12.5, कल्पा 5.5, सांगला 1.8 और जोत में 1.0 सैंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।

कहां कितना न्यूनतम तापमान

शिमला 6.0, सुंदरनगर 7.9, भुंतर 7.1, कल्पा -1.2, ऊना 4.8, नाहन 8.1, पालमपुर 6.0, सोलन 5.6, मनाली 0.6, कांगड़ा 9.7, मंडी 9.4, बिलासपुर 5.5, हमीरपुर 8.1, जुब्बड़हट्टी 7.4, कुफरी 1.7, कुकुमसेरी -2.9, नारकंडा -1.0, रिकांगपिओ 0.4, ताबो -8.9 और देहरागोपीपुर में 11.0 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles