ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को मौसम ने करवट बदली। सुबह रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ, जिससे उच्च पर्वतीय इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया। वहीं शिमला में सुबह धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए, जिससे राजधानी में भी ठंड का व्यापक असर नजर आया। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों पर दर्ज वर्षा और हिमपात का आंकड़ा शून्य रहा। हालांकि शनिवार सुबह ऊंचे इलाकों में रोहतांग दर्रा और आसपास की चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा। शनिवार सुबह ताबो में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 दर्ज किया गया, जबकि कुफरी में माइनस 1.6 और कल्पा में माइनस 1.3 डिग्री सैल्सियस रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 7.5 और मनाली में 3.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 27 नवम्बर तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। आगामी 5 से 7 दिनों के लिए किसी भी जिले में कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। तापमान की बात करें तो अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। अगले 4 से 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं।
1 से 21 नवम्बर के बीच प्रदेश में सामान्य वर्षा 11.4 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 3.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 73 प्रतिशत कम है। जिलावार स्थिति देखें तो इस अवधि में बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में 100 प्रतिशत कम वर्षा यानी 0 मिलीमीटर हुई है। इसके अलावा कांगड़ा में माइनस 99, मंडी में माइनस 98, कुल्लू में माइनस 96, सोलन में माइनस 94, शिमला में माइनस 87, चम्बा में माइनस 82, लाहौल-स्पीति में माइनस 46 और किन्नौर में सामान्य से माइनस 22 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
