16 C
New York
Tuesday, September 22, 2026

Buy now

Sirmour: स्कूल में शरारती तत्वों ने ताले तोड़े, खिलौने और फर्नीचर किए तहस-नहस

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

गिरिपार क्षेत्र के ढांग रोहाणा स्थित केंद्र प्राथमिक पाठशाला में अज्ञात शरारती तत्वों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए जमकर उत्पात मचाया। रविवार को स्कूल परिसर में घुसे शरारती तत्वों ने तीन कमरों के ताले और दरवाजे तोड़कर अंदर रखे सामान को तहस-नहस कर दिया। बच्चों के खेलने के लिए रखे कीमती खिलौनों से लेकर स्कूल के फर्नीचर तक को नुकसान पहुंचाया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने स्कूल कार्यालय के कमरे में घुसने की भी कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं तोड़ पाए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है। स्कूल प्रभारी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवा दी है।

स्कूल प्रभारी प्रताप ठाकुर ने बताया कि सोमवार सुबह जब वह स्कूल पहुंचे तो परिसर का नजारा देखकर हैरान रह गए। स्कूल के तीन कमरों के ताले और दरवाजे टूटे हुए थे। कमरों के भीतर सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। शरारती तत्वों ने प्राथमिक पाठशाला के कमरों में रखी कुर्सियों और मेजों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। वहीं, प्री-प्राइमरी कक्षाओं में नन्हे बच्चों के लिए रखे गए कीमती खिलौनों को भी तोड़ दिया गया।

उन्होंने बताया कि स्कूल के स्टाफ रूम का दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया गया था, लेकिन शरारती तत्व अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। सोमवार सुबह स्टाफ रूम खोलने का प्रयास किया गया तो दरवाजा नहीं खुला। काफी मशक्कत के बाद ही कमरे को खोला जा सका।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार, शरारती तत्वों ने स्कूल में रखे फर्नीचर और प्री-प्राइमरी कक्षाओं के खिलौनों को नुकसान पहुंचाया है। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

नुकसान के मंसूबे से घुसे शातिर

प्रबंधन के अनुसार जिन कमरों में तोड़फोड़ की गई है वहां पर लाखों रुपये का एलईडी टीवी भी लगाया गया है। इसे न तो नुकसान पहुंचाया गया और न ही इसे चोरी किया गया। इसके अलावा स्कूल में सामान भी चोरी नहीं हुआ है। जो भी व्यक्ति स्कूल में घुसा केवल नुकसान के इरादे से ही घुसा। वहीं, स्थानीय लोगों में भी स्कूल परिसर में हुई इस घटना को लेकर रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल बच्चों की शिक्षा और विकास का केंद्र है। ऐसे स्थान पर तोड़फोड़ की घटना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस से की जांच की मांग

स्कूल प्रभारी प्रताप ठाकुर ने बताया कि घटना की शिकायत पुलिस चौकी में कर दी गई है। स्कूल प्रबंधन ने अज्ञात शरारती तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि स्कूल में तोड़फोड़ करने वाले कौन थे और उन्होंने इस वारदात को किस मकसद से अंजाम दिया। उधर, एसपी एनएस नेगी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से पुलिस को शिकायत की गई है। शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

 

 

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles