ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
उपमंडल पांवटा साहिब के बद्रीपुर क्षेत्र में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही के कारण सड़क पार कर रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब से नाहन मेडिकल कॉलेज और फिर वहां से PGI चंडीगढ़ रेफर करना पड़ा, जहां वह दो दिन तक उपचाराधीन रही। पीड़िता के पति की शिकायत पर पांवटा साहिब पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंक कॉलोनी बद्रीपुर निवासी कपिल शर्मा ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उसने बताया कि बीते 12 सितंबर की रात लगभग 9:30 बजे वह नेशनल हाईवे (NH) स्थित ‘ब्राउन वर्ल्ड’ के सामने अपनी स्कूटी पर मौजूद था। उसी दौरान उसकी पत्नी सोनिया शर्मा पास की एक बेकरी से सामान लेकर पैदल घर लौट रही थी।
जैसे ही सोनिया शर्मा सड़क का डिवाइडर पार कर रही थीं, तभी बद्रीपुर चौक की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सोनिया शर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि टक्कर लगने से मोटरसाइकिल चालक भी सड़क पर गिर गया।
हादसे के तुरंत बाद घायल सोनिया शर्मा को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया। नाहन से भी स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें PGI चंडीगढ़ भेजा गया, जहां वे दो दिनों तक भर्ती रहीं।
शिकायतकर्ता के अनुसार हादसे को अंजाम देने वाले मोटरसाइकिल चालक की पहचान सुशांत ठाकुर, निवासी गांव बारथन मंदार (डाकघर बिरला, तहसील ददाहू) के रूप में हुई है। पांवटा साहिब पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के संदर्भ में आगामी कानूनी जांच जारी है।

