जयराम ठाकुर की मौजूदगी में पांवटा में होंगे सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम
17 सितंबर को “एक दिया आशीर्वाद का”, 18 को रक्तदान शिविर और 19 सितंबर को किशनकोट में पौधारोपण
पांवटा साहिब। भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत चौधरी एवं भाजयुमो मंडल पांवटा साहिब अध्यक्ष संयम गुप्ता ने संयुक्त बयान जारी करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अभियान के तहत समाजसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब मंडल में भी अभियान के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान 25 प्रकार के सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा का संदेश पहुंचाया जाएगा।
इसी कड़ी में 17 सितंबर को शाम 7 बजे शहीद बाबा अजीत सिंह चौक, पांवटा साहिब में “एक दिया आशीर्वाद का” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके बाद 18 सितंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा होटल रॉक स्टार, पांवटा साहिब में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में भी नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उपस्थित रहेंगे। युवा मोर्चा ने क्षेत्र के युवाओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस सेवा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है।
वहीं 19 सितंबर को प्रातः 10 बजे किशनकोट क्षेत्र में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण एवं क्षेत्र में हरित आवरण को बढ़ावा देना है।
चरणजीत चौधरी एवं संयम गुप्ता ने बताया कि इन सभी सेवा कार्यक्रमों में पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के 25 वर्षों को समर्पित यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

