ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
थाना पुरुवाला के अंतर्गत जम्बूखाला के पास शनिवार को एक हृदय विदारक हादसा हो गया। नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार आज 23 अगस्त को 5 बच्चे जम्बूखाला में नहाने के लिए गए थे। जिनकी पहचान जबिर (9 वर्ष) पुत्र अनवर निवासी गाजीपुर उत्तर प्रदेश, रोहित (8/9 वर्ष) पुत्र रमेश, सिद्धार्थ और अंकुर पुत्र वृज मोहन लाल (8/9 वर्ष) और सत्यम (8 वर्ष) पुत्र सिकन्दर के रूप में हुई है।
नहाते समय अचानक एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के चक्कर में दूसरा बच्चा भी डूब गया।
*पुलिस ने दिखाई तत्परता*..
घटना की सूचना मिलते ही थाना पांवटा साहिब से पुलिस घटनास्थल को रवाना हुई, जिसके बाद एक बच्चे को ब्रॉड डेड हालत में सिविल अस्पताल लाया गया है। सूचना पर SI/SHO थाना पुरुवाला व स्टाफ तुरंत मौके और सिविल अस्पताल के लिए रवाना हुए।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रोहित, सिद्धार्थ और अंकुर को सुरक्षित तलाश कर उनके परिजनों के हवाले कर दिया। एक बच्चा सत्यम जंगल की तरफ भाग गया था, जिसके बारे में अन्य बच्चों ने बताया था।
*दूसरे बच्चे का शव भी बरामद*..
घटना की गंभीरता को देखते हुए SDPO पांवटा साहिब भी मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों की मदद से दूसरे लापता बच्चे सत्यम पुत्र सिकन्दर, निवासी समस्तीपुर बिहार, हाल किरायेदार निहालगढ़ की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद सत्यम का शव भी जम्बूखाला से बरामद कर लिया गया।
दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया जा रहा है। SDPO पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को आगामी कार्रवाई के संबंध में उचित दिशा-निर्देश दिए हैं।

