ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई है. वहीं, बारिश होने के चलते प्रदेश में तापमान कम हुआ है और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड में बढ़ोतरी हुई है. कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जबकि कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था.
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 9 अक्टूबर तक प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है. वहीं, 8 और 9 अक्टूबर को प्रदेश में भारी बारिश, कुछ जगहों पर आंधी-तूफान/बिजली कड़कने और 30-40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने 8 और 9 अक्टूबर को येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 13 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा.
मौसम विभाग शिमला ने आज प्रदेश में कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. वहीं, 9 अक्टूबर को भी शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाकि दिन प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावना है.
हिमाचल में तापमान
हिमाचल प्रदेश में ऊंचे पहाड़ी इलाकों में तापमान 3 से 11 डिग्री, मध्यम पहाड़ी इलाकों में 13 से 18 डिग्री और निचले व मैदानी इलाकों में 15 से 20 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में 2.9 डिग्री सेल्सियस और सबसे ज्यादा तापमान ऊना में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
