शिलाई में भाजपा का सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, बंद संस्थानों की बहाली की उठाई मांग
शिलाई, 22 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी मंडल शिलाई द्वारा शनिवार को शिलाई में प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर शिलाई विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों को बंद करने का आरोप लगाते हुए उन्हें शीघ्र बहाल करने की मांग उठाई।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 30 से अधिक सरकारी संस्थानों को बंद किया गया है, जिससे क्षेत्र की आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र में सात बार कार्यक्रम आयोजित कर विभिन्न संस्थानों को जनता को समर्पित किया था।
भाजपा मंडल शिलाई ने वर्तमान में विशेष रूप से तीन प्रमुख संस्थानों की बहाली की मांग उठाई। इनमें विद्युत मंडल शिलाई, डीएसपी कार्यालय शिलाई तथा अटल आदर्श विद्यालय शिलाई शामिल हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि इन संस्थानों के बंद होने से क्षेत्रवासियों को अपने जरूरी कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते बंद किए गए संस्थानों, विशेषकर इन तीनों प्रमुख संस्थानों को बहाल नहीं किया गया तो भाजपा मंडल शिलाई आने वाले समय में आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होगा।
धरना-प्रदर्शन में भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर, मंडल अध्यक्ष इंदर ठाकुर सहित प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि शिलाई की जनता के हितों और क्षेत्र में आवश्यक सरकारी सुविधाओं की बहाली के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

