ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
किन्नौर जिले के पुलिस थाना भावानगर के अंतर्गत एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़के पर 7 साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। वहीं पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर में भर्ती करवाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता भावानगर क्षेत्र में स्थित कलामंच ग्राऊंड के पास मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी ने बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर लिया और पास ही स्थित एक खाली कमरे में ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस को दी गई शुरूआती जानकारी के मुताबिक वारदात के समय आरोपी ने सफेद और नीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिसके पर 68 नंबर लिखा हुआ था। आरोपी की इस विशिष्ट पहचान के आधार पर पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही पुलिस इस बात की भी गहन तफ्तीश कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।

एसपी की चेतावनी, सोशल मीडिया पर गलत प्रचार करने वालों पर होगी कार्रवाई
किन्नौर के पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस थाना भावानगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरी निष्पक्षता व तत्परता के साथ मामले की जांच कर रही है। इसके साथ ही एसपी ने एक सख्त चेतावनी भी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संवेदनशील मामले को लेकर सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहें या गलत प्रचार करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

