15 और 5 साल की नौकरी के बाद दो महिलाओं पर रोजी-रोटी का संकट, न्याय की मांग को लेकर SDM पहुंचे मजदूर नेता

पांवटा साहिब। कुंजा स्थित अल्मेड लेबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड से दो महिला कर्मचारियों को नौकरी से हटाए जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। वर्षों तक कंपनी में सेवाएं देने वाली ममता देवी (15 वर्ष) और पार्वती देवी (5 वर्ष) के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। दोनों महिलाओं के समर्थन में मजदूर नेता भी सामने आए हैं और उन्होंने एसडीएम पांवटा साहिब को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की मांग की है।

विधवा महिला ममता देवी ने बताया कि उन्होंने पिछले 15 वर्षों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कंपनी में कार्य किया। इसी नौकरी से उनके परिवार का पालन-पोषण होता था, लेकिन अचानक उन्हें नौकरी से बाहर कर दिया गया। वहीं पार्वती देवी ने बताया कि वह पिछले 5 वर्षों से कंपनी में कार्यरत थीं, लेकिन बिना उचित सुनवाई और निष्पक्ष जांच के उन्हें भी काम से हटा दिया गया। अब दोनों परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं।
इस मौके पर मजदूर नेता ने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी क्षेत्र के कई उद्योगों में कर्मचारियों के साथ लापरवाही और मनमाने रवैये की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों के साथ उद्योगों में सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी से संबंधित कोई विवाद था तो कंपनी को निष्पक्ष जांच कर दोनों पक्षों को सुनना चाहिए था। वर्षों तक सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को अचानक नौकरी से निकाल देना न्यायसंगत नहीं है। इससे न केवल कर्मचारियों का भविष्य प्रभावित होता है, बल्कि उनके परिवार भी आर्थिक संकट में आ जाते हैं।
मजदूर नेता ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोनों महिलाओं को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मजदूर संगठन आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित उद्योग और प्रशासन की होगी।

