हिमाचल में विधायक निधि हड़प गया MLA, विजिलेंस ने कसा शिकंजा, स्टाफ के खातों में 50-50 हजार..

ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश में विधायक निधि के कथित दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। विजिलेंस ने एक पूर्व विधायक के खिलाफ जांच तेज कर दी है। आरोप है कि जुलाई 2023 से जनवरी 2024 के बीच विधायक निधि से 16 कर्मचारियों के बैंक खातों में जिला प्रशासन के माध्यम से 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता जारी करवाई गई। इसके बाद कर्मचारियों से यह राशि अलग-अलग माध्यमों से वापस लेने का आरोप है। शुरुआती जांच के अनुसार, करीब आठ लाख रुपये वापस लिए जाने की बात सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक, विजिलेंस पूर्व विधायक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कानूनी मंजूरी लेने की प्रक्रिया में है। बताया जा रहा है कि प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष से धारा 17ए के तहत अनुमति मांगी जा रही है। मंजूरी मिलने के बाद दर्ज एफआईआर में संबंधित धाराएं जोड़कर जांच को आगे बढ़ाया जा सकता है।
विजिलेंस अब तक 16 में से दो कर्मचारियों के बयान दर्ज कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार, दोनों ने अपने खातों में 50-50 हजार रुपये आने और बाद में राशि लौटाने की बात कही है। कर्मचारियों का यह भी कहना है कि उन्होंने विधायक निधि से किसी आर्थिक सहायता, सब्सिडी या अनुदान के लिए कोई आवेदन नहीं किया था।

