सिरमौर में 17 वर्षीय नाबालिग को ले जा रहे 5 बाहरी युवक ग्रामीणों ने दबोचे, POCSO एक्ट में मामला दर्ज

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक लाइव वीडियो के अनुसार, स्थानीय लोगों ने एक विशेष समुदाय से संबंध रखने वाले पांच युवकों को 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर उत्तराखंड के हरबर्टपुर ले जाते हुए पकड़ा है। पकड़े गए सभी आरोपियों को स्थानीय जनता द्वारा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
वायरल वीडियो में दी गई जानकारी के अनुसार ये पांचों युवक (जो कि अन्य राज्य और विशेष समुदाय से बताए जा रहे हैं) शिलाई के ही एक घर में मिस्त्री का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जिस घर में यह कार्य चल रहा था, वहां केवल एक बुजुर्ग महिला (दादी) और उनकी 17 वर्षीय पोती रहती थी। आरोप है कि काम करने के दौरान इन युवकों ने नाबालिग को अपने झांसे में लिया और उसे अपने साथ शिलाई से हरबर्टपुर (उत्तराखंड) की तरफ ले जाने लगे।
युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की भनक जैसे ही स्थानीय लोगों और ग्रामीणों को लगी, उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी युवकों को बीच रास्ते में ही धर दबोचा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, गुस्साए लोगों ने इन पांचों युवकों को बाजार में पैदल घुमाया और बाद में तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निशित सिंह नेगी ने मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ POCSO (पॉक्सो) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और सभी को हिरासत में ले लिया है। एसपी ने बताया कि पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि ये पांचों युवक काफी समय से लगातार उसका पीछा (Stalking) कर रहे थे और उसे परेशान कर रहे थे। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू पर गहनता से आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

