ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के बद्दी से एक ऐसी हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 5 बच्चों की एक मां ने अपने ही परिवार और पुलिस की आंखों में ऐसी धूल झोंकी कि हर कोई दंग रह गया। महिला ने नहर में कूदकर अपनी जान देने का ऐसा खौफनाक नाटक रचा कि 4 दिन तक पुलिस और परिवार वाले पानी में उसका शव ढूंढते रहे, लेकिन जब हकीकत सामने आई तो सबके पैरों तले जमीन खिसक गई।

जानकारी के अनुसार सोलन जिले के मलकूमाजरा (बद्दी) की रहने वाली 35 वर्षीय इस महिला ने पूरी प्लानिंग के साथ इस घटना को अंजाम दिया। उसने सबसे पहले अपनी मां के मोबाइल पर एक वॉयस मैसेज (ऑडियो) भेजा। इस मैसेज में उसने कहा कि वह पंजाब के घनौली नहर में छलांग लगाकर अपनी जान दे रही है। अपने इस मौत के ड्रामे को बिल्कुल असली दिखाने के लिए उसने नहर के किनारे अपने कपड़े भी फैंक दिए। महिला को पूरा यकीन था कि पानी में उसका शरीर कभी नहीं मिलेगा और पुलिस इस केस को हमेशा के लिए बंद कर देगी।
ऑडियो सुनकर बदहवास हुए महिला के भाई ने तुरंत पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस और रोते-बिलखते परिवार वाले 4 दिनों तक घनौली नहर में उसका शव तलाशते रहे, लेकिन जब शव नहीं मिला, तो पुलिस का माथा ठनका। पुलिस ने तुरंत मोबाइल ट्रैकिंग और रास्तों के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। यहीं से कहानी में एक बहुत बड़ा ट्विस्ट आ गया। ट्रैकिंग में पता चला कि महिला मरी नहीं है, बल्कि वह तो पंजाब में बिल्कुल सुरक्षित घूम रही है। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए उसे पंजाब से अपनी हिरासत में ले लिया और वापस लाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस की पूछताछ में जब इस ड्रामे का असली राज खुला तो सब हैरान रह गए। एएसपी अशोक वर्मा ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शादी 12 साल पहले नालागढ़ के राजपुरा में हुई थी और उसके 5 बच्चे हैं। करीब एक हफ्ते पहले उसका पति उसे उसके मायके (मलकूमाजरा) छोड़ गया था। मायके में रहने के दौरान ही महिला के एक पुराने परिचित (जानने वाले) ने उसे फोन किया और उसे पंजाब बुला लिया। अब सवाल यह था कि 5 बच्चों की मां अचानक घर से गायब कैसे हो? पंजाब जाने और परिवार की नजरों से हमेशा के लिए बचने के लिए महिला ने ड्रामा रच डाला।

