23.3 C
New York
Monday, June 15, 2026

Buy now

सिरमौर में गुंडागर्दी: चालान काटने पर हेड कांस्टेबल से मारपीट और लूट, दंपत्ति गिरफ्तार

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

सिरमौर जिला के पावंटा साहिब में थाना पुरुवाला के तहत रामपुरघाट क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात एक मुख्य आरक्षी (Head Constable) के साथ मारपीट करने और सोने की बाली छीनने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, मारपीट और लूट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 13 जून की शाम को पुलिस बूथ रामपुरघाट के मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ कुंजा मतरालियों और पहाड़ी कॉलोनी क्षेत्र में यातायात चेकिंग पर थे। इसी दौरान रामपुरघाट चौक के पास एक एक्टिवा स्कूटी (HP17H-1248) को रोका गया। स्कूटी चालक ने हेलमेट नहीं पहना था और पीछे एक महिला बैठी थी।

जब मुख्य आरक्षी ने चालक से लाइसेंस मांगा और हेलमेट न पहनने का कारण पूछा, तो चालक ने बताया कि उसने लाइसेंस अप्लाई किया है, जो अभी बनकर नहीं आया है। इस पर पुलिस कर्मी ने मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) के तहत स्कूटी का चालान कर दिया। स्कूटी चालक की पहचान मोहित और पीछे बैठी महिला की पहचान उसकी मां सविता (निवासी पट्टी नत्था सिंह, डाकघर शिवपुर, पांवटा साहिब) के रूप में हुई।

चालान होने से नाराज होकर मोहित ने तुरंत फोन करके अपने पिता सचिन को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में सचिन अपनी ऑल्टो कार (HP17J-0626) से वहां पहुंचा और पुलिस कर्मी पर भड़कते हुए बहस करने लगा कि उसके बेटे का चालान क्यों काटा गया।

बात इतनी बढ़ गई कि मोहित, उसकी मां सविता और पिता सचिन ने मिलकर मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोपियों ने पुलिस कर्मी का गला दबोचा और मुंह पर ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ दिए। इस बीच, आरोपी सचिन ने मुख्य आरक्षी के बाएं कान में पहनी हुई सोने की बाली जबरन छीन ली, जिससे उनके कान से खून बहने लगा और गले में भी चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी अपनी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

पुरुवाला पुलिस ने पीड़ित मुख्य आरक्षी की शिकायत पर मुकद्दर दर्ज कर तुरंत तफ्तीश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी सचिन (पुत्र रामपाल) को गिरफ्तार कर लिया। आज आरोपी सचिन को माननीय अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि दूसरी आरोपी सविता (सचिन की पत्नी) को भी आज गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई और जांच को आगे बढ़ा रही है।

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles