ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश की बेटी शिवानी जसवाल ने भारतीय सेना की मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (एमएनएस) में कैप्टन पद पर प्रमोट होकर राज्य का नाम रोशन किया है. शिवानी मूल रूप से जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत पटलान्दर के गांव जीहड की रहने वाली हैं. शिवानी की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं. लोगों का कहना है कि शिवानी ने सिर्फ अपने परिवार और क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है.
4 जून 2026 को हुई प्रमोट
शिवानी जसवाल के पिता राज कुमार कानूनगो हैं, जो वर्तमान में भू-व्यवस्था नक्शा प्रोजेक्ट एमसी पालमपुर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वहीं, शिवानी की माता गृहणी हैं. पिता राज कुमार ने बताया कि शिवानी इस समय मिलिट्री नर्सिंग सर्विस, बेंगलुरु में कार्यरत है और देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है. शिवानी ने मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में लेफ्टिनेंट के पद पर लगातार दो सालों तक उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की हैं. अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और बेहतरीन कार्यशैली के कारण उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों का विश्वास अर्जित किया. उनकी इसी मेहनत और लगन का परिणाम है कि 4 जून 2026 को उन्हें कैप्टन पद पर प्रमोट किया गया.
वहीं, शिवानी की इस उपलब्धि ने क्षेत्र की बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है. ग्रामीण परिवेश से निकलकर भारतीय सेना के प्रतिष्ठित नर्सिंग विंग में कैप्टन बनना उनकी मेहनत, परिवार के सहयोग और दृढ़ संकल्प का परिणाम माना जा रहा है. गांव जीहड, पंचायत पटलान्दर और हमीरपुर जिले के लोगों ने शिवानी की इस सफलता पर गर्व जताया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवानी ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने शिवानी जसवाल को कैप्टन बनने पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की. उनकी यह उपलब्धि पूरे हमीरपुर जिले के लिए गौरव का विषय बन गई है.

