ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। यहां एक निजी बस बेकाबू होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में 10 से 12 सवारियां मौजूद थी, जिसमें बस चालक व एक सवारी को ज्यादा चोटें आई हैं।
मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोलन-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सलोगड़ा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि निजी बस सोलन से शिमला की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सलोगड़ा के पास पहुंची, एक मोड़ पर चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार बस सड़क किनारे लगे सुरक्षा पैराफिट को तोड़ते हुए सीधे नीचे की ओर लुढ़क गई और दूसरी सड़क पर जाकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में जान-माल का बड़ा नुकसान टल गया। हादसे के वक्त बस में करीब 12 यात्री सवार थे, जिनमें से चालक सहित दो गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चालक और एक अन्य यात्री को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

