ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों सहित कुल 51 शहरी निकायों के लिए मतदान जारी है। मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। वही, इसी बीच नगर परिषद क्षेत्र नाहन से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के प्रत्याशी पर मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब वितरण करने और चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने के आरोप लगाए हैं।
भाजपा ने इस मामले में राज्य चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन को औपचारिक शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इन आरोपों के बाद नाहन में सियासी पारा चढ़ गया है।
बता दें कि प्रदेश के 51 शहरी स्थानीय निकायों में स्थानीय सरकार चुनने के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई है। राज्य के चार नगर निगमों मंडी, सोलन, धर्मशाला और पालमपुर सहित कुल 25 नगर परिषदों और 22 नगर पंचायतों में मतदाता उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

