ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां पंजाब से शादी के पवित्र बंधन में बंधने ज्वालामुखी आए एक प्रेमी जोड़े की खुशियों को एक अज्ञात वाहन ने हमेशा के लिए छीन लिया। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार वाहन चालक ने युवती को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद प्रेमी सड़क पर फूट-फूट कर रोता रहा। युवक का हृदयविदारक विलाप देखकर वहां मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
युवती की लाश देख रोता रहा प्रेमी
जानकारी के मुताबिक, हादसा ज्वालामुखी के साथ लगते अंब-पठियार बाईपास पर सोमवार देर रात को हुआ। युवती सिमरन (22 वर्षीय) और युवक पंजाब के कपूरथला के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि युवक और युवती मां ज्वालामुखी के दरबार में माथा टेकने और विवाह करने के इरादे से यहां पहुंचे थे। सोमवार देर रात दर्शन करने के उपरांत दोनों ज्वालामुखी बाईपास मार्ग पर पैदल टहल रहे थे। इसी दौरान एक बेकाबू अज्ञात वाहन ने युवती को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद का मंजर बेहद भावुक कर देने वाला था। अपनी होने वाली पत्नी का शव लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा देख युवक सुध-बुध खो बैठा। वह बीच सड़क पर सिमरन का शव पकड़कर फूट-फूट कर रोने लगा।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

