6.6 C
New York
Sunday, May 3, 2026

Buy now

हिमाचल में तूफान का कहरः कौन थी चारों मृतक महिला टीचर्स, बोलेरो में कहां जा रही थी, 3 घायलों की हालत कैसी?

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में कुदरत का भयंकर कहर टूटा. शनिवार शाम को जिले के आनी के शमशर-गुगरा मार्ग पर बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया. यहां पर मौसम का ऐसा कहर टूटा की चार महिला टीचरों की मौत हो गई. पुलिस ने चारों शव को कब्जे में ले लिया है. वहीं, घायलों का इलाज चल रहा है. गौर रहे कि हिमाचल में अगले तीन दिन भी मौसम खराब रहेगा और ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है.

जानकारी के अनुसार, शनिवार को दोपहर बाद हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब हुआ और आंधी तूफान और बारिश होने लगी, करीब शाम 5 बजे बाली-ओल के समीप तेज आंधी-तूफान के चलते एक विशाल चीड़ का पेड़ चलती बोलेरो गाड़ी पर गिर गया. हादसे में वाहन पेड़ समेत सड़क से नीचे पलट गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए, जिसमें चार महिला शिक्षकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए.

बताचा जा रहा है कि बोलेरो में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह महिला शिक्षक थी. अचानक आए तेज तूफान के कारण चलती गाड़ी के ऊपर चीड़ गिरा औऱ फिर पेड़ समेत वाहन खाई में जा गिरा.

हादसे में मारी गई महिला टीचरों की पहचान हो गई है. इसमें स्नेह लता (38) पत्नी टीका नंद, गांव पारलीधार, डाकघर कमांद, तहसील आनी, बंती कौंडल पत्नी हेम दत्त, गांव लामीसेरी, आनी, उषा कुमारी (43) पत्नी मदन लाल, गांव तराला, डाकघर जाओं, तहसील आनी,  सीमा आजाद (54) पत्नी जिया लाल आजाद, गांव रोपड़ी, डाकघर एवं तहसील आनी शामिल हैं,

जबकि घायलों में चालक सुरेश चंद (42) पुत्र देश राज, गांव रोपड़ी, तहसील आनी,  तारा देवी (47) पत्नी रविंद्र कुमार, गांव रोपड़ी, तहसील आनी,  रीना कुमारी (40) पत्नी प्रेम सागर, गांव कटहेड़, डाकघर बनारला, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि यह सभी महिला टीचर स्कूल की छुट्टी के बाद अपने अपने घर लौट रही थी.  हादसे के दौरान एक बस और कुछ अन्य गाड़ियां मौके पर मौजूद थी, जो कि हादसे की चपेट में आने से बाल बाल बच गईं. जिन्होंने बिना वक्त गंवाए घायलों तक पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस,प्रशासन को सूचित किया

एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट ने बताया कि फौरी राहत के तौर पर मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार और घायलों को 5-5 हजार रुपयों की राशि दी गई है. अस्पताल में चार शिक्षिकाओं को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो घायल शिक्षिकाओं को गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है. चालक का इलाज आनी अस्पताल में जारी है. घटना की सूचना मिलते ही आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार भी अस्पताल पहुंचे और सभी प्रभावित परिवारों के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी.

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में हुए एक दुखद हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया. यह हादसा उस समय हुआ जब सात लोगों को लेकर आ रही एक गाड़ी पर अचानक पेड़ गिर गया. इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

हिमाचल प्रदेश के शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम खराब रहेगा. 3 मई के लिए जहां येलो अलर्ट जारी किया गया है औऱ चार मई को ऑरेंज अलर्ट के भारी बारिश और आंधी तूफान की संभावना है. वहीं, पांच मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अहम बात है कि 4 मई को प्रदेश के 4 जिलों में मौसम ज्यादा कहर ढाएगा. इस दौरान कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में ज्यादा मौसम खराब रहेगा. वहीं, मौसम विभाग ने बताया है कि छह, सात औऱ आठ मई को भी मौसम खराब रहेगा. हालांकि, इन तीन दिन के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles