ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को पंचायत चुनावों का ऐलान हो सकता है. राज्य निर्वाचन आयोग ने दोपहर बाद करीब 3.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है और इसमें पंचायत चुनावों की तारीखों की घोषणा हो सकती है. शिमला में राज्य सचिवालय में स्टेट इलेक्शन कमिश्नर अनिल खाची की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी.
जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने 31 मई से पहले हिमाचल में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव करवाने के आदेश दिए हैं. इससे पहले, सोमवार को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में आरक्षण रोस्टर को चुनौती देने वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई हुई. हाईकोर्ट ने सुक्खू सरकार से विस्तृत जवाब मांगा. हालांकि, कोर्ट ने सभी याचिकाओं पर कोई भी अंतरिम आदेश नहीं दिए. न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश रंजन शर्मा की खंडपीठ ने मामले पर सुनवाई की.
सरकार ने जारी किया था रोस्टर..
हाल ही में दो सप्ताह पहले सुक्खू सरकार ने 7 अप्रैल को आरक्षण रोस्टर जारी किया था और इस के विरोध में ही कई लोग हाईकोर्ट पहुंचे थे. आरक्षण रोस्टर में 56 फीसदी के करीब सीटेम महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं. गौरतलब है कि हिमाचल में पंचायतों का कार्यकाल 31 जनवरी को खत्म हो चुका है. इससे पहले चुनाव होने थे लेकिन सुक्खू सरकार ने आपदा का हवाला देते हुए चुनाव आयोजन से हाथ खड़े कर दिए थे.
कोर्ट में चल रहा है मामला..
सरकार और चुनाव आयोग में लगातार इस मुद्दे पर टकराव होता रहा. फिर मामला हाईकोर्ट पहुंचा और कोर्ट ने 30 अप्रैल से पहले चुनाव करवाने के लिए कहा, लेकिन सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में फैसले को चुनौती दी और वहां से सरकार को एक माह की राहत मिली और 31 मई की डेडलाइन दी गई. चुनाव को लेकर सरकार ने पंचायती राज एक्ट में संशोधन भी किया और 5 फीसदी रोस्टर को आरक्षित करने की शक्तियां डीसी को दी, जिसका विरोध हुआ और ये मामला भी हाईकोर्ट पहुंचा. फिलहाल, इस फैसले पर भी कोर्ट ने रोक लगा दी थी और सरकार को दोबारा रोस्टर जारी करना पड़ा था.

