Saturday, February 21, 2026
HomeUncategorizedबच्चाें काे सरकारी बाबू बनाने चला था पिता, 4 शातिराें ने मिलकर...

बच्चाें काे सरकारी बाबू बनाने चला था पिता, 4 शातिराें ने मिलकर लगा दिया लाखाें रुपए का चूना

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का एक मामला सामने आया है। शातिरों ने एक व्यक्ति को उसके बच्चों की सरकारी नौकरी लगवाने का प्रलोभन देकर 4 लाख 30 हजार रुपए ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में प्रताप सिंह निवासी गांव जोलपलाखी कुरना, तहसील घुमारवीं ने बताया कि सितम्बर माह में कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया। इन लोगों ने दावा किया कि वे उसके बच्चों को सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं। आरोपियों ने अपना नाम रामपाल, राहुल, साहिल और रोहित बताया। आरोपियों ने फोन पर बातचीत कर प्रताप सिंह को विश्वास में लिया और नौकरी की प्रक्रिया शुरू करने के नाम पर उससे और उसके दामाद पवन कुमार से पैसों की मांग की। झांसे में आकर प्रताप सिंह ने आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग खातों में गूगल-पे के माध्यम से कुल 4 लाख 30 हजार रुपए जमा करवा दिए।

पैसे मिलने के बाद आरोपी कई महीनों तक नौकरी की प्रक्रिया चलने का बहाना बनाते रहे। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी और पीड़ित ने सख्ती से जानकारी मांगी तो आरोपियों ने टाल-मटोल करना शुरू कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत घुमारवीं पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए साइबर ट्रांजैक्शन और मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उधर, जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले दलालों से सावधान रहें। किसी भी व्यक्ति के प्रलोभन में आकर अपनी मेहनत की कमाई किसी अनजान खाते में ट्रांसफर न करें और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments