Tuesday, February 10, 2026
HomeUncategorizedHimachal: नशे के खिलाफ शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.811 किलोग्राम चरस...

Himachal: नशे के खिलाफ शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.811 किलोग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। जिला शिमला के एसएसपी गौरव सिंह के कार्यभार संभालते ही पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में थाना चौपाल की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक व्यक्ति को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार बीते दिन थाना प्रभारी चौपाल, उप निरीक्षक अम्बी लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम (आरक्षी अभिषेक और एचएचजी संजीव कुमार) झिकनीपुल, लानी और बमटा क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.811 किलोग्राम चरस बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन बुधा पुत्र नर बहादुर के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से नेपाल का निवासी है और वर्तमान में तहसील चौपाल के गांव पुजारली (डाकघर बमटा) में रंजीत नामक व्यक्ति के घर पर नौकर के रूप में कार्य कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 61 और 85 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगामी जांच एएसआई जगदीश सिंह द्वारा की जा रही है।

पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के नैटवर्क को जड़ से खत्म करना और युवाओं को इस दलदल से बचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को खुफिया तंत्र और निगरानी और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं एसएसपी गौरव सिंह ने चौपाल पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि शिमला पुलिस जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी अधिकारियों को ईमानदारी और पेशेवर तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि एक सुरक्षित और नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments