ऑनलाइन न्यूज़ नेटवर्क (ONN)
शिमला। सुन्नी उपमंडल के ओगली क्षेत्र से लापता हुए कुलदीप और उनकी 18 वर्षीय बेटी स्नेहा को लेकर कुछ दिन पहले हमने खबर प्रकाशित की थी। पिता-पुत्री के अचानक लापता होने और उनकी पिकअप गाड़ी के सड़क किनारे लावारिस हालत में मिलने के बाद परिवार ने अनहोनी की आशंका जताई थी।
अब इस मामले में बेहद दुखद खबर सामने आई है। कुलदीप के बाद उनकी 18 वर्षीय बेटी स्नेहा का शव भी बरामद हो गया है। जिस अनहोनी की आशंका से परिजनों और परिचितों का दिल कांप रहा था, आखिरकार वही दर्दनाक सच सामने आ गया।
गौरतलब है कि 13 सितंबर तड़के करीब 3 बजे पिता-पुत्री पंदोआ पहुंचे थे। उन्होंने परिवार को सुबह करीब 5 बजे घर पहुंचने और इसके बाद सोलन काम पर जाने की बात कही थी। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गए।
इसके बाद पंदोआ से करीब 3 किलोमीटर आगे ओगली में उनकी पिकअप गाड़ी (HP 06C 6062) सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली थी। गाड़ी का शीशा टूटा हुआ था, जिसके बाद परिजनों ने अपहरण और अनहोनी की आशंका जताई थी। पुलिस ने ओगली, जलोग और तत्तापानी क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया।

लेकिन अब पिता-पुत्री दोनों के शव बरामद होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक हंसते-खेलते परिवार ने बेहद कम समय में अपने दो अपनों को खो दिया। इस असहनीय पीड़ा को बयां करने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं।

