17 C
New York
Monday, September 21, 2026

Buy now

ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता- हर्षवर्धन चौहान

ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता- हर्षवर्धन चौहान

उत्तरी में स्वास्थ्य उप केंद्र का किया विधिवत शुभारंभ

नाहन, 20 सितम्बर। उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज उत्तरी गाँव में स्वास्थ्य उप केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया।इससे पूर्व क्षेत्रवासियों ने उद्योग मंत्री का पारंपरिक वाद्य यंत्रों सहित भव्य स्वागत किया।

उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस स्वास्थ्य उप केन्द्र के माध्यम से आस पास की पंचायतों के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयासरत है। जिसके दृष्टिगत प्राथमिकता के आधार पर ढांचागत सुविधाओं के साथ-साथ स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर-द्वार पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने बताया कि शिलाई विधान सभा क्षेत्र में 1 करोड़ 25 लाख की लागत से पीएचसी कमरऊ, 1 करोड़ 37 लाख की लागत से पीएचसी सतौन, 55 लाख की लागत से पीएचसी चाँदनी तथा 56 लाख की लागत से पीएचसी कोटा पाब के भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, इन भवनों में डॉक्टर के रहने की व्यवस्था भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि हाल ही में 1 करोड़ 27 लाख की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कांटी मशवा का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया।उद्योग मंत्री ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य केंद्रों के बुनियादी ढांचे का व्यापक विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज विधानसभा क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक तैनात हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने आसपास ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं, इसी कड़ी में 19 करोड़ रुपये की लागत से शिलाई में 100 बिस्तरों वाले आधुनिक नागरिक अस्पताल भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। भवन के पूर्ण होने के बाद इसे शीघ्र ही क्षेत्र की जनता को समर्पित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर और विस्तारित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि शिलाई अस्पताल विधान सभा क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है, जहां प्रतिदिन लगभग 350 से 400 मरीज उपचार के लिए पहुँचते हैं, जिनको गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 10 डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें आंख, मेडिसिन, अस्थि रोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 12 नर्सें भी नागरिक अस्पताल शिलाई में मौजूद है।

उन्होंने कहा कि पहले गंभीर अथवा विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता होने पर मरीजों को पांवटा साहिब या नाहन भेजना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश उपचार सुविधाएं शिलाई में ही उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने घर के निकट ही बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध हो सके।

उद्योग मंत्री ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क संपर्क, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल उपलब्धता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं का निर्माण कार्य चरणबद्ध ढंग से प्रगति पर है और अनेक योजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यों के पूर्ण होने से शिलाई विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा लोगों को व्यापक लाभ प्राप्त होगा।

उद्योग मंत्री ने सामुदायिक भवन उत्तरी के लिए 5 लाख, एस सी बस्ती पाटन तथा उत्तरी में सामुदायिक भवन लिए दो-दो लाख की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की माँग पर पाटन में ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर एसडीएम शिलाई जसपाल, अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, अध्यक्ष शिलाई ब्लॉक कांग्रेस कल्याण धामटा, पूर्व जिला परिषद् सदस्य रणजीत नेगी व जितेंद्र राणा, प्रदेश महासचिव कांग्रेस कमेटी रवींद्र राणा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, दिनेश तोमर व रमेश तोमर जेलदार, ओएसडी अत्तर राणा, शिलाई जॉन अध्यक्ष गीता राम भंडारी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमेश नेगी, प्रधान गोपी चंद, पूर्व प्रधान बली राम, हरीराम शास्त्री, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles