जेबीपी फाउंडेशन का सराहनीय प्रयास: नैनीधार स्कूल में 5 मेधावी छात्रों को दी ₹60,000 की आर्थिक सहायता
ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
सिरमौर जिले के तहसील शिलाई स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नैनीधार में एक विशेष ‘छात्र प्रोत्साहन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान जेबीपी फाउंडेशन ने आर्थिक रूप से पिछड़े परिवार के 5 होनहार विद्यार्थियों—ऋषभ, रमन, सिमरन, पिंकी और ईशानी शर्मा—को कुल ₹60,000 (₹12,000 प्रति छात्र) की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। समारोह में जेबीपी फाउंडेशन के सदस्य श्री वीरेंद्र शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजेश कुमार, वरिष्ठ अध्यापक श्री लाखीराम शर्मा, गणित शिक्षक व फाउंडेशन के सदस्य श्री रवि पराशर सहित समस्त स्टाफ और छात्र उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए वीरेंद्र शर्मा और रवि पराशर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रोत्साहन राशि का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से पिछड़े होनहार मेधावी बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक तंगी को आड़े न आने देना है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने और समाज का एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। इस दौरान वक्ताओं ने जानकारी दी कि उत्तराखंड के अटाल निवासी एवं ‘बैंक ऑफ इंडिया’ के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री एस. एन. शर्मा ने अपने परिवार के साथ मिलकर जेबीपी फाउंडेशन की शुरुआत की थी। आज इस संगठन से देश-विदेश से अनेक लोग जुड़े हैं, जो हर माह अपनी कमाई का एक हिस्सा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए दान करते हैं। शिलाई क्षेत्र के भी कई दानवीर इस नेक मुहिम का हिस्सा बन चुके हैं।

उन्होंने छात्रों को जानकारी देते हुए बताया कि जेबीपी फाउंडेशन की सहायता नीति के तहत बोर्ड परीक्षा में न्यूनतम 80% अंक प्राप्त करने वाले और ₹7,000 से कम मासिक आय वाले परिवारों के होनहार विद्यार्थियों को ₹12,000 की त्वरित सहायता दी जाती है। इसके अलावा, घर में कमाने वाले सदस्य के निधन की विशेष परिस्थिति में 70% अंक लाने वाले बच्चों को भी यह मदद मिलती है। संगठन प्रतियोगी परीक्षाओं व इंटरव्यू के लिए जाने वाले गरीब विद्यार्थियों के रहने-खाने और यात्रा का पूरा खर्च उठाता है, साथ ही सरकारी स्कूलों के कक्षा टॉपर्स को हर साल ₹1,100 की प्रोत्साहन राशि प्रदान करता है।
श्री रवि पराशर ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा नैनीधार विद्यालय के जरूरतमंद विद्यार्थियों को अब तक ₹1 लाख से अधिक की मदद दी जा चुकी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने इस जनहितकारी कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की और पूरे विद्यालय परिवार की ओर से श्री एस. एन. शर्मा जी एवं फाउंडेशन के सभी सम्मानित सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

