21.4 C
New York
Thursday, September 3, 2026

Buy now

पंचायतों की आवाज बने रणबीर सिंह, डीसी के समक्ष उठाए विकास से जुड़े अहम मुद्दे

पंचायतों की आवाज बने रणबीर सिंह, डीसी के समक्ष उठाए विकास से जुड़े अहम मुद्दे

चरणजीत सिंह चौधरी सहित प्रधान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पंचायतों की समस्याओं को लेकर की सार्थक चर्चा

पाँवटा साहिब। पाँवटा साहिब ब्लॉक की पंचायतों के विकास कार्यों को गति देने और पंचायत प्रतिनिधियों को पेश आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर प्रधान संघ पाँवटा साहिब ने एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष अपनी आवाज बुलंद की।

प्रधान संघ के अध्यक्ष रणबीर सिंह के नेतृत्व में पंचायत प्रधानों का प्रतिनिधिमंडल डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों, वीबीजी रामजी योजना, पंचायतों में कार्य करने के दौरान आ रही प्रशासनिक एवं व्यावहारिक दिक्कतों तथा ग्रामीण विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

इस दौरान चरणजीत सिंह चौधरी ने भी पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं को मजबूती से प्रशासन के समक्ष रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पंचायतें गांवों के विकास की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पंचायत प्रतिनिधि सीधे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हैं, इसलिए पंचायत स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान होना बेहद जरूरी है।

रणबीर सिंह ने कहा कि प्रधान संघ किसी राजनीतिक दबाव या टकराव की राजनीति में विश्वास नहीं रखता, बल्कि पंचायतों के विकास और ग्रामीण जनता के हित में प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने में विश्वास रखता है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को यदि समय पर आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन और सुविधाएं उपलब्ध हों तो गांवों में विकास कार्यों को और तेज गति दी जा सकती है।

उन्होंने प्रशासन के समक्ष मांग रखी कि पंचायतों में विकास कार्यों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा वीबीजी रामजी योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन में पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जाए।

पंचायत प्रधानों ने डीसी महोदय को पंचायत में स्टाफ संबंधित आ रही दिक्कतों को भी रखा।उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव व वीआरएस पूरे सप्ताह पंचायत में उपस्थित नहीं रह पाते उन्हें 2 या 3 पंचायतें आवंटित की गई हैं।जिससे पंचायत के महत्वपूर्ण काम प्रभावित हो रहे है।

पंचायत प्रधानों के एकजुटता के साथ पंचायत के फण्ड को जलशक्ति विभाग को दिए जाने का कड़ा विरोध जताया।इसके कई सारे कारण प्रधानों द्वारा जिलाधीश महोदय को बताए व ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने पंचायतों में विकास कार्यों की गति, विभागीय स्तर पर समन्वय, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा पंचायत प्रतिनिधियों को कार्य करने में आ रही अन्य व्यावहारिक समस्याओं को भी डीसी सिरमौर के समक्ष रखा।

डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास को मजबूत करने में पंचायतों की भूमिका अहम है और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर चरणजीत सिंह चौधरी, प्रधान सुंदर सिंह, सुरेखा चौधरी, अलका देवी, पवन पटियाल, तेजिंदर सिंह सहोता, निन्द्रो देवी, बाला देवी, शिक्षा रानी, तनुज चौधरी, रजनीश चौधरी, रीता देवी, कविता ठाकुर, प्रीतिका सैणी, मो० रफ़ीक सहित अन्य पंचायत प्रधान मौजूद रहे।

रणबीर सिंह ने कहा कि प्रधान संघ पंचायतों और ग्रामीण जनता की आवाज को हर उचित मंच पर मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए संघ भविष्य में भी प्रशासन के साथ सकारात्मक समन्वय बनाकर कार्य करेगा।

प्रधान संघ के इस प्रयास को पंचायतों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष संगठित एवं प्रभावी ढंग से रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles