Paonta Sahib: मासूम से हैवानियत करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, 24 घंटे के भीतर दबोचा

Paonta Sahib: मासूम से हैवानियत करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, 24 घंटे के भीतर दबोचा

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में 10 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पांवटा साहिब थाना प्रभारी (SHO) के नेतृत्व में सुरक्षा शाखा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान 28 वर्षीय लक्की, पुत्र चमन लाल के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से कांगड़ा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में पांवटा साहिब की यमुनाचल कॉलोनी में किराए पर रहता है और हलवाई का काम करता है।

घटना 28 अगस्त (रक्षाबंधन) की शाम की है, जब बच्ची अपने भाई के साथ गुरुद्वारा साहिब परिसर के पास थी। आरोपी मासूम को अपनी पत्नी से मिलाने का झांसा देकर बाइक पर बिठाकर ले गया और खेड़ा मंदिर के समीप सुनसान खेतों में वारदात को अंजाम दिया।

बच्ची की चीख-पुकार सुनकर जब मौके पर तीन स्थानीय युवक पहुंचे, तो आरोपी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया। युवकों ने तुरंत बच्ची को संभाला और बाइक के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचाया, जिसके आधार पर पुलिस ने तफ़्तीश तेज़ की।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया था और नामज़द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला दर्ज होने के तुरंत बाद आरोपी की धरपकड़ से क्षेत्र के लोगों ने पांवटा पुलिस की कार्यशैली और मुस्तैदी की सराहना की है।

Related posts

Leave a Comment