रोटरी क्लब पांवटा साहिब और तिरुपति ग्रुप की संयुक्त पहल: टीबी मरीजों को बांटी प्रोटीन सामग्री
रोटरी क्लब पांवटा साहिब द्वारा ‘सर्विस अबव सेल्फ’ (स्वयं से पहले सेवा) के मूल मंत्र को साकार करते हुए तिरुपति ग्रुप के विशेष सहयोग से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में टीबी (तपेदिक) रोगियों के लिए एक विशेष प्रोटीन वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल का मुख्य उद्देश्य टीबी रोग से जूझ रहे मरीजों को आवश्यक पोषण सहायता प्रदान कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में योगदान देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटरी क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष रोटेरियन यश पाल धीमान ने की, जबकि पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन शांति स्वरूप गुप्ता की देखरेख में संपन्न हुआ। इस दौरान अस्पताल में उपचारधीन मरीजों को उच्च गुणवत्ता युक्त प्रोटीन सामग्री वितरित की गई।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन यश पाल धीमान ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी के पूर्ण उपचार में सही और संतुलित पोषण की भूमिका दवाइयों जितनी ही महत्वपूर्ण है। मरीजों की इम्युनिटी को मजबूत करने और उन्हें जल्द स्वस्थ करने के उद्देश्य से ही इस अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने इस सामाजिक कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग देने के लिए तिरुपति ग्रुप का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन शांति स्वरूप गुप्ता ने बताया कि समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता के लिए ‘टीम अनस्टॉपेबल’ (रोटरी क्लब पांवटा साहिब) और तिरुपति ग्रुप सदैव तत्पर हैं।
इस अवसर पर रोटरी क्लब पांवटा साहिब के अध्यक्ष यशपाल धीमान, प्रोजेक्ट चेयरमैन शांति स्वरूप गुप्ता, डॉक्टर प्रवेश सबलोक, निर्मल अत्री, कविता गर्ग, राकेश गर्ग, गुरप्रीत सिंह, रिपुदमन सिंह कालरा, विजय अग्रवाल, अभय शर्मा, सिविल अस्पताल से डॉ. राघव व अन्य स्वास्थ्य कर्मी तथा तिरुपति ग्रुप के कई गणमान्य सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

