ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
आईआईएम सिरमौर में बीएमएस के छात्र 19 वर्षीय प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मौत के मामले में सिरमौर पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। यह कार्रवाई मृतक के पिता अनुपम शुक्ला की शिकायत और मामले की गंभीरता को देखते हुए की गई है। थाना माजरा में दर्ज मामले में शिकायतकर्त्ता अनुपम शुक्ला ने अपने पुत्र 19 वर्षीय प्रारब्ध शुक्ला की संदिग्ध मृत्यु को लेकर संस्थान पर लापरवाही, महत्वपूर्ण सूचना छिपाने, अपर्याप्त निगरानी तथा साथी छात्रों और संस्थान के प्रशासन द्वारा धमकाने एवं मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्त्ता ने एसपी सिरमौर से मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में एसआईटी से करवाने की मांग की थी। एसपी सिरमौर ने शिकायत और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया है।
एसआईटी की अध्यक्षता डीएसपी पांवटा साहिब मानवेन्द्र ठाकुर करेंगे। टीम में थाना माजरा के एसएचओ कुलदीप सिंह, जांच अधिकारी एएसआई आशीष कुमार, एचसी इन्द्रजीत, एचसी रोहित प्रभारी साइबर सैल नाहन, एचसी कमाल खान और आरक्षी अशोक कुमार को सदस्य बनाया गया है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि एसआईटी मामले की वैज्ञानिक, निष्पक्ष और गहन जांच करेगी। इसके साथ ही शिकायत में लगाए गए आरोपों, संस्थान की कार्यप्रणाली और मामले में सामने आने वाले तथ्यों की भी बारीकी से जांच की जाएगी। एसपी सिरमौर का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

