ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
शिलाई उपमंडल के बांदली-ढाढस क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 35 वर्षीय युवक की अकाल मृत्यु का दुखद मामला सामने आया है। पेशे से टैक्सी चालक, ढाढस गांव के रहने वाले प्रदीप बीरसांटा पुत्र रतन सिंह बीती देर रात अपनी बोलेरो गाड़ी से घर लौट रहे थे। उसी दौरान बांदली-ढाढस मार्ग पर उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना देर रात की होने के कारण हादसे का तुरंत पता नहीं चल सका। आज सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो गाड़ी पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और घटना से जुड़ी आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिश्रमी टैक्सी चालक प्रदीप के असमय निधन की खबर सामने आते ही पूरे शिलाई उपमंडल और ढाढस गांव में गहरा शोक छा गया है। महज 35 वर्ष की अल्पायु में हुए इस हादसे ने परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। मृतक अपने पीछे एक छोटा बच्चा और गर्भवती पत्नी को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

