ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
पांवटा साहिब के व्यस्त विश्वकर्मा चौक पर आज तड़के 2-3 बजे सुबह शिलाई क्षेत्र के एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
मृतक की पहचान भाव सिंह निवासी आमद, पंचायत बॉम्बल, शिलाई क्षेत्र, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मंडी के काम से यूटिलिटी लेकर पांवटा साहिब आया हुआ था। तड़के करीब ढाई से तीन बजे के बीच वह विश्वकर्मा चौक के पास गंभीर अवस्था में मिला, जिसके बाद उसे पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया। जहाँ उसकी मौत हो गई।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि अस्पताल से पुलिस को फोन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और इसके बाद घटनास्थल पर जाकर भी जांच की गई। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और शव को पंचनामा व पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस विश्वकर्मा चौक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि घटना से पहले भाव सिंह किन लोगों के संपर्क में था और उस समय घटनास्थल के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। क्या मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है, किसी विवाद का परिणाम है या इसके पीछे कोई और वजह है—यह जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस ने दो को हिरासत में लिया है, जिनमें से एक पुरुष मोहम्मद आमिर व एक महिला रेखा देवी शामिल हैं। आगामी कार्रवाई जारी हैं।
