ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

जिला सिरमौर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माजरा पुलिस थाना टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 ग्राम अवैध चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अपने घर से ही नशे का काला कारोबार चला रहा था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार माजरा पुलिस की एक टीम गश्त और कानून-व्यवस्था के निरीक्षण के सिलसिले में जगतपुर चौक के समीप मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय सूत्र से गुप्त सूचना मिली कि गांव जगतपुर (डाकघर मिश्रवाला, तहसील पांवटा साहिब) में मदरसा के सामने रहने वाला मोहम्मद इकराम पुत्र मोहम्मद हनीफ अपने घर से स्मैक व चिट्टा बेचने का अवैध धंधा करता है। सूचना में यह भी बताया गया कि यदि तुरंत आरोपी के मकान पर दबिश दी जाए तो नशीले पदार्थ की बड़ी खेप बरामद की जा सकती है।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना कोई समय गंवाए बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। पुलिस द्वारा घर की अचानक ली गई तलाशी के दौरान मोहम्मद इकराम के कब्जे से 8 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर माल को सील कर दिया।
माजरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी यह नशा कहां से लाता था और किन-किन लोगों को सप्लाई करता था, इसका पता लगाने के लिए मामले में आगे की गहन पूछताछ व तफ्तीश जारी है।

