ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ, जब तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया और जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। फिलहाल, पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

मां के साथ पंजाब गई हुई थी लड़की

जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के पुलिस थाना सुंदरनगर का है। नाबालिग ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि स्कूल की छुट्टियों के दौरान वह अपनी मां के साथ पंजाब गई थी, जहां वे एक कमरे में ठहरे हुए थे। आरोप है कि उसी रात एक व्यक्ति ने उसके कमरे में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता को इस बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की गंभीर धमकी दी थी, जिसके डर से वह चुप रही। इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ, जब तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया और जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
वहीं, पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पंजाब के एसएएस नगर (मोहाली) के अंतर्गत बलौंगी थाना क्षेत्र में आता है। इसके चलते पुलिस ने तुरंत जीरो एफआईआर दर्ज कर उसे आधिकारिक ई-मेल के जरिए बलौंगी पुलिस स्टेशन भेज दिया है। इसके साथ ही टेलीफोन के माध्यम से भी संबंधित थाने को पूरी घटना से अवगत करा दिया गया है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है।

