ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां पर आधी रात घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपित ने पहले दुष्कर्म किया और फिर 5 लाख के गहने भी चोरी कर लिए। वहीं, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के साथ जबरन किया दुष्कर्म
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के सुंदरनगर क्षेत्र का है। घटना तीन और चार अगस्त की मध्यरात्रि की है। पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति ने रात के समय उनके घर के कमरे में प्रवेश किया। इसके बाद उस व्यक्ति ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसे और उसके पति को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दुष्कर्म की वारदात के साथ ही आरोपित ने घर में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के गहने भी चोरी कर लिए। पीड़िता के अनुसार, चोरी हुए गहनों का वजन करीब पांच तोला है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। पीड़िता ने अपनी जेठानी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि जेठानी उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकियां दे रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर ली है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

