ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
गिरिपार के सीमांत गांव क्लाथा में शनिवार को उचित मूल्य की दुकान खुलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। दुकान का उद्घाटन भैला पंचायत के पूर्व प्रधान एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष तोमर ने किया।

इस अवसर पर मनीष तोमर ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की अंतिम सीमा पर बसे क्लाथा गांव की सीमा उत्तराखंड से लगती है, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरसना पड़ा। गांव में उचित मूल्य की दुकान तक नहीं खोली गई, जिसके चलते लोगों को राशन लेने के लिए 5 से 7 किलोमीटर दूर दूसरी पंचायतों का रुख करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वर्षों तक सीमांत क्षेत्रों और ग्रामीणों की समस्याओं की अनदेखी की, जबकि कांग्रेस सरकार सत्ता में आते ही गांवों के विकास और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। सड़क, पानी, राशन और आवास जैसी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
मनीष तोमर ने कहा कि क्लाथा गांव में उचित मूल्य की दुकान का खुलना केवल एक दुकान का उद्घाटन नहीं, बल्कि वर्षों से उपेक्षित ग्रामीणों को राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है।
दुकान संचालक चतर सिंह ने बताया कि इससे पहले ग्रामीण उपभोक्ताओं को राशन लेने के लिए 5 से 7 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। अब गांव में ही उचित मूल्य की दुकान खुलने से राशन सहित आवश्यक सामान उपलब्ध होगा।
ग्रामीणों ने दुकान खुलने पर खुशी जताते हुए प्रदेश सरकार एवं संबंधित विभाग का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर धनवीर तोमर, वीरेंद्र नंबरदार, इंदर सिंह, ललित तोमर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। दुकान संचालक चतर सिंह ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

