26.8 C
New York
Thursday, July 23, 2026

Buy now

जर्जर सड़कों एवं बेलगाम ट्राला-टिपर संचालन के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने उठाई बुलंद आवाज, एसडीएम को सौंपा विस्तृत ज्ञापन

जर्जर सड़कों एवं बेलगाम ट्राला-टिपर संचालन के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने उठाई बुलंद आवाज, एसडीएम को सौंपा विस्तृत ज्ञापन

Description

भारतीय जनता युवा मोर्चा, मंडल पांवटा साहिब के अध्यक्ष संयम गुप्ता की अध्यक्षता में आज मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों, नव मतदाता जोड़ो अभियान, बूथ सशक्तिकरण एवं क्षेत्र की जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं से जुड़े, उन्हें प्रमुखता से उठाए तथा उनके समाधान के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों तक प्रभावी ढंग से आवाज पहुंचाए। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करने से ही एक कार्यकर्ता की वास्तविक पहचान बनती है और जनता का विश्वास प्राप्त होता है।

Description

बैठक में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि पंचायत चुनावों में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य किया, वह सराहनीय है। अब सभी कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए नव मतदाता जोड़ो अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। प्रत्येक बूथ पर नए मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर उन्हें लोकतंत्र में भागीदारी के लिए प्रेरित करना तथा संगठन से जोड़ना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और मजबूत बूथ ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं।

बैठक के उपरांत मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उपमंडलाधिकारी (ना.) पांवटा साहिब को क्षेत्र की जर्जर सड़क व्यवस्था एवं नगर परिषद क्षेत्र में ट्राला-टिपर चालकों द्वारा यातायात नियमों के लगातार हो रहे उल्लंघन के संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में भगानी मार्ग, विश्वकर्मा चौक–देवीनगर मार्ग, जामनीवाला मार्ग सहित गिरिपार क्षेत्र की अधिकांश सड़कें अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों, वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव तथा बरसात के दौरान मलबा जमा होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से विश्वकर्मा चौक–देवीनगर मार्ग पर बने गहरे गड्ढों के कारण हाल ही में कई ई-रिक्शा एवं दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है।

ज्ञापन के माध्यम से भाजपा युवा मोर्चा ने भगानी मार्ग, विश्वकर्मा चौक–देवीनगर मार्ग, जामनीवाला मार्ग तथा गिरिपार क्षेत्र की अन्य जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, बरसात समाप्त होने के बाद स्थायी पुनर्निर्माण, सभी प्रमुख मार्गों पर वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था, मानसून पूर्व सड़क रखरखाव योजना लागू करने तथा बरसात के दौरान मलबा हटाने के लिए पर्याप्त जेसीबी एवं अन्य मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।

इसके अतिरिक्त नगर परिषद क्षेत्र में ट्राला एवं टिपर चालकों द्वारा यातायात नियमों की लगातार अवहेलना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए ज्ञापन में देवीनगर मार्ग पर रात्रि 10:00 बजे के बाद ही भारी वाहनों के प्रवेश संबंधी आदेशों का कड़ाई से पालन करवाने, नगर परिषद क्षेत्र में निर्धारित 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा लागू करवाने तथा रिहायशी क्षेत्रों में 80–90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही विश्वकर्मा चौक पर प्रतिदिन रात्रि 10:00 बजे से पुलिस कर्मियों की नियमित तैनाती, बिना अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों, फर्जी पंजीकरण संख्या, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं नाबालिग चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा भारी वाहनों के दस्तावेजों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर संयम गुप्ता ने कहा कि पांवटा साहिब में अनेक जनसमस्याएं हैं, किन्तु वर्तमान समय में जर्जर सड़कें और खनन कार्य में लगे भारी वाहनों के कारण बिगड़ती यातायात व्यवस्था सबसे गंभीर विषय बन चुके हैं। यदि इन समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में गंभीर दुर्घटनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से ज्ञापन में उल्लिखित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए कहा कि भाजपा युवा मोर्चा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करता रहेगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा युवा मोर्चा जनहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles