31.6 C
New York
Saturday, June 6, 2026

Buy now

भयानक हादसा: हमीरपुर फोरलेन पर 2 कारों के बीच भीषण टक्कर, महिला की मौत, 3 बच्चों सहित 10 घायल

ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)

थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत हमीरपुर फोरलेन पर भूंपल के निकट सुकराला नाले पर बने पुल के पास शुक्रवार रात 2 कारों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी एक परिवार कार में सवार होकर हमीरपुर के हीरानगर स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। शुक्रवार शाम परिवार कार में ज्वालामुखी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुकराला नाले पर बने पुल के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य कार से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे में अर्टिगा कार में सवार दिल्ली निवासी विजय कुमार, विनय कुमार, पदमा देवी पत्नी विजय कुमार, मानवी व बुल्लो गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 3 छोटे बच्चों सांची, सानया व वान्या सहित माल्या देवी को भी काफी चोटें आई हैं। वहीं दूसरी कार में सवार चिराग तथा अक्षित को भी काफी चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों तथा एंबुलैंस द्वारा सभी घायलों को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रैफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। दुर्भाग्यवश दिल्ली निवासी पदमा देवी ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निर्मल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा यातायात प्रभारी नरेश कुमार मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles