ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
जिला चंबा के उपमंडल डलहौजी के धार गांव में उस वक्त मातम छा गया, जब अंबाला से 30 वर्षीय युवक अरुण कुमार की हत्या की खबर पहुंची। परिवार के उज्ज्वल भविष्य और बच्चों की खुशियों के लिए प्रदेश से बाहर कमाने गए अरुण अब कभी वापस नहीं लौटेंगे। हरियाणा के अंबाला में अज्ञात हमलावरों ने उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं, घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, जानकारी के अनुसार, बलेरा पंचायत के धार गांव निवासी अरुण कुमार जसूर के एक ट्रक मालिक के पास चालक के रूप में कार्यरत थे। शनिवार को वह अंबाला के थाना मोड़ा क्षेत्र के पास अपने ट्रक में सामान लेकर हाईवे की ओर रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने ट्रक रुकवाया और कथित तौर पर लूटपाट के इरादे से उस पर हमला कर दिया। जब अरुण ने अपराधियों का विरोध किया, तो उन्होंने उन पर घातक हमला कर दिया, जिससे अरुण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
वहीं, रविवार को अंबाला में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बता दें कि अरुण कुमार अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी, दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

