ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के अमरगढ़ का है। मृतक की पहचान रजत कुमार निवासी अमरगढ़ के रूप में हुई है। मृतक रजत कुमार पहले हरियाणा के पानीपत में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि रजत कुमार ने बुधवार देर रात अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा गुरुवार को उस समय हुआ जब उसका भाई विशाल नींद से जागा तो उसने रजत को चारपाई पर नहीं पाया। कमरे के भीतर देखने पर पता चला कि रजत ने पंखे से रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पिछले साल 30 नवंबर को पानीपत में हुए एक सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया था। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगी थीं, जिसके बाद से रजत मानसिक तनाव में रहने लगा था। इलाज में अधिक खर्च होने से उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी। वहीं, पत्नी से रिश्तों में भी तनाव बना हुआ था। पत्नी के साथ खराब रिश्तों और अकेलेपन ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

