ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
पंचायत चुनाव के दौरान सुर्खियों में आए शिमला जिले की नालदेहरा पंचायत की प्रधान पद की महिला उम्मीदवार से कथित मारपीट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. जिस घटना को पहले चुनावी हिंसा और महिला उम्मीदवार पर हमले के रूप में देखा जा रहा था, वह पुलिस जांच में पूरी तरह झूठी और तथ्यहीन साबित हुई है. जांच में न तो मारपीट के कोई सबूत मिले और न ही घटनास्थल पर संघर्ष के निशान पाए गए. इसके बाद पुलिस ने मामले को कल्पना पर आधारित बताते हुए बंद कर दिया है.
महिला ने मारपीट का लगाया था आरोप
मामला 15 मई का है, जब नालदेहरा पंचायत की प्रधान पद की उम्मीदवार भीमलता उर्फ सुषमा देवी ने थाना सुन्नी में शिकायत दर्ज करवाई थी. शिकायत में उन्होंने दावा किया था कि नामांकन वापस लेने जाते समय दो नकाबपोश व्यक्तियों ने उनका रास्ता रोककर धक्का-मुक्की की और उन्हें झाड़ियों में फेंक दिया. महिला ने बताया था कि हमले के बाद वह बेहोश हो गई थीं और बाद में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस ने दर्ज किया था मामला
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी. घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की. चुनावी माहौल के बीच इस घटना ने काफी चर्चा बटोरी थी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे थे.
जांच के दौरान महिला उम्मीदवार का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशोबरा में मेडिकल परीक्षण कराया गया. पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले. इसके अलावा जिस स्थान पर महिला को झाड़ियों में फेंके जाने का दावा किया गया था, वहां भी संघर्ष या गिरने के कोई प्रमाण नहीं मिले.
बयान बदला, सामने आई सच्चाई
पुलिस की गहन पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता ने अपना बयान बदल दिया. उन्होंने बताया कि उन्हें केवल भ्रम हुआ था और पहले भी उन्हें इस तरह की स्थिति का अनुभव हो चुका है. संभवतः उसी कारण उन्हें लगा कि उनके साथ मारपीट हुई है. एसपी गौरव सिंह ने बताया कि सभी तथ्यों, मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल की जांच के आधार पर मामला झूठा और कल्पना पर आधारित पाया गया है. पुलिस जांच में किसी हमले या मारपीट की पुष्टि नहीं हुई. इसके साथ ही कुछ दिन पहले सुर्खियां बटोरने वाला यह मामला अब पूरी तरह बेबुनियाद साबित हो गया है.

