ऑनलाइन न्यूज नेटवर्क (ONN)
क्रिकेट मैच टिकट बुकिंग के नाम पर साइबर अपराधी ठगी को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में हिमाचल पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार साइबर हैल्पलाइन डाटा सैंटर 1930 पर पिछले कुछ दिनों से क्रिकेट मैच टिकट बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। जांच में सामने आया है कि साइबर अपराधियों द्वारा आमजन को भ्रमित करने के उद्देश्य से ऐसी फर्जी वैबसाइट तैयार की जा रही हैं, जो देखने में पूरी तरह वास्तविक वैबसाइट जैसी प्रतीत होती हैं। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि अधिकांश लोग फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित विज्ञापनों अथवा सांझा किए गए लिंक के माध्यम से इन फर्जी वैबसाइटों तक पहुंचते हैं तथा टिकट बुकिंग के दौरान साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं। वैबसाइटों का स्वरूप आधिकारिक वैबसाइटों से मिलता-जुलता होने के कारण आमजन के लिए वास्तविक एवं फर्जी वैबसाइट में अंतर कर पाना कठिन होता है।
इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन लॉटरी, पैसा दोगुना करने, निवेश पर अत्यधिक लाभ देने तथा अन्य आकर्षक ऑफर्स के नाम पर भी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लालच देकर धोखाधड़ी की जा रही है। ऐसे मामलों की शिकायतें भी राष्ट्रीय साइबर हैल्पलाइन नंबर 1930 पर निरंतर प्राप्त हो रही हैं। ऐसे में प्रदेश पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन टिकट बुकिंग, निवेश, लॉटरी अथवा अन्य वित्तीय लेनदेन करने से पूर्व संबंधित वैबसाइट अथवा एप्लीकेशन की सत्यता की भलीभांति जांच अवश्य करें। केवल आधिकारिक वैबसाइट एवं विश्वसनीय प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें तथा किसी भी अनजान लिंक, विज्ञापन या संदिग्ध संदेश पर क्लिक करने से बचें।
तो तत्काल दर्ज करवाएं शिकायत
प्रदेश पुलिस के अनुसार यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाए, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हैल्पलाइन नंबर 1930 अथवा आपातकालीन हैल्पलाइन नंबर 112 पर शिकायत दर्ज करवाएं ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर धनराशि की सुरक्षा एवं साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही अपनी निजी जानकारी किसी के साथ सांझा न करें।

